निजामुद्दीन दरगाह हादसा: हुजरे की छत गिरने से 6 की मौत, कई घायल, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
Delhi news Desk: दिल्ली के निजामुद्दीन इलाके में शुक्रवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। दरगाह शरीफ पत्ते शाह (Nizamuddin Dargah Sharif Patte Shah) के हुजरे की छत का हिस्सा अचानक गिरने से अफरा-तफरी मच गई। यह हादसा करीब 3 बजकर 50 मिनट पर हुआ, जब वहां मौजूद लोग शुक्रवार की नमाज के लिए इकट्ठा हो रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय हुजरे में 15-20 लोग मौजूद थे। छत गिरने से कई लोग मलबे में दब गए। फायर ब्रिगेड, पुलिस और एनडीआरएफ की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। अब तक 10-12 लोगों को मलबे से बाहर निकाला जा चुका है, जिनमें से 6 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। बाकी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि छत करीब 25-30 साल पुरानी थी और लंबे समय से जर्जर हालत में थी। बीते दो दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण इसकी मजबूती और कमजोर हो गई थी। एक चश्मदीद ने बताया कि आवाज इतनी तेज थी कि पहले लगा कोई पेड़ गिरा है, लेकिन जब देखा तो पूरा छत गिरा हुआ था।
कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने यह भी आरोप लगाया कि पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग (ASI) द्वारा मरम्मत की अनुमति न देने के कारण यह स्थिति बनी। यह हिस्सा दरगाह परिसर में मौजूद दो मजारों के पास जायरीन के बैठने के लिए बने कमरों का था। हादसे के समय इमाम साहब भी मौजूद थे, जिन्हें चोट आई है और अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वर्तमान में इलाके को घेरकर राहत और बचाव कार्य जारी है। प्रशासन ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं और मृतकों के परिजनों के लिए मुआवजा योजना पर भी विचार किया जा रहा है।
Avneesh Mishra is a young and energetic journalist. He keeps a keen eye on sports, politics and foreign affairs. Avneesh has done Post Graduate Diploma in TV Journalism.
