Trump Tariffs: ‘1929 फिर लौटेगा’ – टैरिफ हटे तो आएगी आर्थिक बर्बादी की सुनामी, ट्रंप की चेतावनी
Central News Desk: अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर विवादित बयान देकर वैश्विक बाजारों में हलचल मचा दी है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि कोर्ट ने उनकी टैरिफ पॉलिसी को खारिज किया, तो अमेरिका 1929 जैसी महामंदी (Great Depression) का शिकार हो सकता है। ट्रंप का दावा है कि उनके टैरिफ्स ने अमेरिकी अर्थव्यवस्था को मजबूत किया है और अरबों डॉलर का राजस्व सरकार को मिला है।
कोर्ट का फैसला और ट्रंप का डर
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रूथ सोशल’ पर लिखा कि अगर किसी ‘रेडिकल लेफ्ट कोर्ट’ ने टैरिफ हटाने का आदेश दिया, तो अमेरिका कभी आर्थिक रूप से उबर नहीं पाएगा। उन्होंने कहा, “यह 1929 जैसी महामंदी होगी, जिसमें हमारी संपत्ति, ताकत और प्रतिष्ठा हमेशा के लिए खो जाएगी।” उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर कोर्ट को फैसला देना ही था, तो मुकदमे की शुरुआत में देता, न कि देश की आर्थिक उपलब्धियों के शिखर पर।
ट्रंप की दलील – टैरिफ से फायदा
ट्रंप का कहना है कि टैरिफ्स से अमेरिकी खजाने में अरबों डॉलर आए हैं और शेयर बाजार पर सकारात्मक असर पड़ा है। उनके मुताबिक यह अमेरिका के लिए “धन और ताकत का सबसे बड़ा दौर” है। हालांकि, आलोचकों और कई अर्थशास्त्रियों का कहना है कि टैरिफ्स से महंगाई बढ़ी है और उपभोक्ताओं पर सीधा बोझ पड़ा है।
टैरिफ रेट का ऐतिहासिक स्तर
WTO और IMF के आंकड़ों के मुताबिक अमेरिका में औसत टैरिफ रेट 20.1% तक पहुंच गया है—1910 के दशक के बाद का सबसे ऊंचा स्तर। ट्रंप के कार्यकाल की शुरुआत में यह 2.4% था, जो मई में चीन पर टैरिफ बढ़ाने के बाद 24.8% तक पहुंच गया—1904 के बाद का रिकॉर्ड। हालांकि, अमेरिका-चीन टैरिफ युद्ध में फिलहाल अस्थायी विराम है, लेकिन यह अगले हफ्ते खत्म होने वाला है।
1929 की महामंदी – ट्रंप की चेतावनी का आधार
1929 में अमेरिका के शेयर बाजार के भारी क्रैश ने वैश्विक अर्थव्यवस्था को झकझोर दिया था। बेरोजगारी चरम पर थी, बैंक और कंपनियां ताबड़तोड़ दिवालिया हो गईं, और दुनिया भर में आर्थिक ठहराव आ गया। ट्रंप इसी ऐतिहासिक आपदा का हवाला देते हुए चेतावनी दे रहे हैं कि टैरिफ्स को हटाना अमेरिकी अर्थव्यवस्था को दोबारा उसी खाई में धकेल सकता है।
Avneesh Mishra is a young and energetic journalist. He keeps a keen eye on sports, politics and foreign affairs. Avneesh has done Post Graduate Diploma in TV Journalism.
