79वां स्वतंत्रता दिवस: लाल किले से गूंजा ‘जय हिंद’, पीएम मोदी ने दिया दृढ़ संकल्प का संदेश
Central News Desk: 79वें स्वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। एक्स पर उन्होंने कहा कि यह अवसर देश में नया जोश और नई ऊर्जा लेकर आए, जिससे विकसित भारत के निर्माण को गति मिले। काशी, वाराणसी कैंट स्टेशन और देश के कोने-कोने में तिरंगे की रौनक छा गई।
राष्ट्रपति मुर्मू का संबोधन: संविधान और लोकतंत्र सर्वोपरि
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्र के नाम संबोधन में कहा कि हमारा संविधान और हमारा लोकतंत्र हमारे लिए सर्वोपरि है। उन्होंने याद दिलाया कि 15 अगस्त हमारे सामूहिक स्मृति में अंकित है और स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानों से हमें निरंतर प्रेरणा मिलती है।

दिल्ली में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
राजधानी दिल्ली में स्वतंत्रता दिवस के मद्देनज़र सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए। रातभर चेकिंग अभियान चला और कई जगह रूट डायवर्जन लागू किए गए। लाल किले पर आने वाले आमंत्रित लोगों के लिए दिल्ली मेट्रो ने सुबह 4 बजे से सेवाएं शुरू कीं।
लाल किले पर तिरंगा और पुष्पवर्षा
सुबह 7:21 बजे पीएम मोदी लाल किले पर पहुंचे और गार्ड ऑफ ऑनर के बाद तिरंगा फहराया। हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा हुई और राष्ट्रीय गान गूंजा। इससे पहले पीएम मोदी राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित कर चुके थे।
ऑपरेशन सिंदूर और पहलगाम हमले का जिक्र
अपने भाषण में प्रधानमंत्री ने हालिया पहलगाम हमले और ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए कहा कि भारतीय सैनिकों ने दुश्मनों को उनकी सोच से परे जवाब दिया है। पाकिस्तान के परमाणु हमले की धमकी पर पीएम ने कहा कि भारत ब्लैकमेल से डरने वाला नहीं है।
‘खून और पानी एक साथ नहीं बहेंगे’ – सिंधु जल समझौते पर कड़ा रुख
पीएम मोदी ने सिंधु जल समझौते को अन्यायपूर्ण बताते हुए कहा कि हिंदुस्तान के हिस्से का पानी सिर्फ देश के किसानों का हक है। सात दशकों से चले आ रहे इस समझौते से किसानों को नुकसान हुआ है और अब भारत इसे मौजूदा स्वरूप में स्वीकार नहीं करेगा।
श्यामा प्रसाद मुखर्जी को श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 129वीं जयंती है, जिन्होंने देश के संविधान के लिए बलिदान दिया। ‘एक देश, एक संविधान’ का सपना पूरा होना उनके लिए सच्ची श्रद्धांजलि है।
अमित शाह ने दी शुभकामनाएं
गृह मंत्री अमित शाह ने भी देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी और स्वतंत्रता सेनानियों व वीर जवानों को नमन किया। उन्होंने संकल्प लिया कि हम सब मिलकर अमर बलिदानियों के सपनों को साकार करेंगे और एक आत्मनिर्भर, श्रेष्ठ भारत का निर्माण करेंगे।
Avneesh Mishra is a young and energetic journalist. He keeps a keen eye on sports, politics and foreign affairs. Avneesh has done Post Graduate Diploma in TV Journalism.
